
जोधपुर, 15 नवंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जोधपुर प्रांत के चार दिवसीय घोष शिविर ‘मरु निनाद 2026’ के समापन समारोह में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने कहा कि सभी प्रकार के नशों से दूर रहने वाला व्यक्ति ही प्रसन्न रहता है। संघ का मानना है कि संस्कारवान व्यक्ति ही देश के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य कर सकता है। दूसरों के सुख-दुख में काम आने वाला व्यक्ति समाज को जोड़ता है। संगीत सिर्फ महफिल में ही जरूरी नहीं, बल्कि रण-आँगन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमारा अपना रण संगीत भी होना चाहिए क्योंकि संगीत से स्वाभिमान का भाव जगता है।
मरू निनाद 2026 घोष शिविर के समापन समारोह में 15000 से अधिक स्वयंसेवकों और उनके परिवारजनों की उपस्थिति में समारोह लूणी शिकारपुरा के श्री राजाराम आश्रम के विशाल परिसर में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सरसंघचालक जी ने कहा कि अभी आपने घोष का वादन देखा है, किंतु इसके पीछे संस्कार तथा अनुशासन छिपा है जो सबको साथ लेने का मार्ग प्रशस्त करता है। अपने देश में रण संगीत की पुरानी परंपरा है। भगवत गीता में इसका वर्णन आया है। पणव, पाञ्चजन्य तथा शंखाश्चय आदि ऐसे नाम आते हैं। अनेक एकल गीत, संगीत, घोष आदि के माध्यम से संघ संगीत का एक घराना बन गया है। अब भारतीय संगीत में रण संगीत भी है। संघ के संगीतकार व्यावसायिक संगीतकार नहीं हैं। संगीत एक कला है। जिसमें भारतीय जीवन पद्धति, जीवन संस्कार, तथा जीवन मूल्य समाहित हैं। सुंदर गीत के माध्यम से वातावरण बनता है तथा भाव पैदा होता है।
उन्होंने कहा कि संघ में व्यक्तिगत वादन नहीं होता है। सभी मिलकर वादन करते हैं। और ऐसे ही वादन करते हुए, सबके मन आपस में मिल जाते हैं। एक साथ किसी स्थान पर एकत्रित होना, साथ में मिलकर रहना तथा मिलकर कुछ श्रेष्ठ करना, यही संघ की पद्धति है। संगीत के अच्छे समीक्षक उसके विशेषज्ञ नहीं, बल्कि श्रोता होते हैं।
समापन समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके पश्चात शिविर में प्रशिक्षित स्वयंसेवक घोषवादकों ने अलग-अलग भागों में सुंदर घोष वादन प्रस्तुत किया। जोधपुर के प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा ने शिविर के प्रतिवेदन के साथ मंचासीन अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद महेशा राम जी मेघवाल ने सभी को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। समारोह में उपस्थित विशिष्ट अतिथि मेजर जनरल अर्जुन सिंह राठौड़ ने घोषवादकों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके इस घोष संगीत से पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार हुआ है। उन्होंने स्वयंसेवक घोषवादकों के प्रदर्शन को किसी सैन्य टुकड़ी जैसा पूर्ण प्रशिक्षित घेाषवादन करार दिया।
स्वयंसेवक द्वारा
“कुरूक्षेत्र के शंखनाद का, अर्थ समझना होगा
धर्म पक्ष में कौन खड़े हैं, उन्हें समझना होगा….
….अर्थ समझना होगा!”
गीत की सुंदर प्रस्तुति से सभी को भाव विभोर कर दिया।







