
साभार : VSK Bharat
समालखा (पानीपत), 24 जुलाई 2026।
राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय कार्यकारिणी एवं प्रतिनिधि मंडल की प्रथम अर्धवार्षिक तीन दिवसीय बैठक प्रमुख संचालिका शांताकुमारी जी तथा प्रमुख कार्यवाहिका सीता गायत्री जी की उपस्थिति में माधव स्मृति परिसर, समालखा, हरियाणा में प्रारंभ हुई।
बैठक के प्रारम्भ में दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात राष्ट्र सेविका समिति की दिवंगत पूर्व अखिल भारतीय सह कार्यवाहिका रुक्मणी अक्का जी और रेखाताई राजे जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसी के साथ समिति की अन्य दिवंगत कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिक आशा जी भोंसले, सुमन कल्याणपुरे, एस जानकी जी आदि, एवं आतंकवादी हमले में मारे गए देश बान्धवों, सेना के जवानों और दुर्घटनाओं तथा प्राकृतिक आपदाओं में हताहत हुए लोगों को भी श्रद्धांजलि दी गयी।
प्रमुख कार्यवाहिका सीता गायत्री जी ने कहा कि विकसित भारत की ओर बढ़ने के लिए आवश्यक जनसम्पत्ति और धनसम्पत्ति भारत में है। परंतु इस शक्ति को समझकर राष्ट्रदेव के चरणों मे समर्पित करने का भाव हमें जागृत करना है। आज वंदनीया लक्ष्मीबाई केलकर (मौसी जी) के जन्मदिन यानी कि संकल्प दिन के अवसर पर गत 90 वर्षों से चल रहे समिति कार्यरूपी स्त्री शक्ति जागरण के कार्य को अबाधित गति से प्रवाहित रखने का संकल्प लेना है। उन्होंने कहा कि ईरान में मेडिकल सहायता के साथ पहुंचा भारतीय विमान वसुधैव कुटुम्बकम का प्रत्यक्ष उदाहरण है। अंतरराष्ट्रीय रसायन विज्ञान ओलंपियाड में स्वर्णपदक, आईसीसी महिला T20 विश्व कप में भारत की शानदार जीत अलग-अलग क्षेत्रों में बढ़ रहे भारत के प्रभाव का परिचायक है।
बैठक में 38 प्रांतों से लगभग 500 प्रतिनिधि सेविकाएं सहभागी हैं। उद्घाटन सत्र में प्रमुख कार्यवाहिका सीता गायत्री जी ने समिति कार्य का वृत्त रखा। साथ ही शिक्षा वर्गों की समीक्षा की। समिति की शाखा संख्या, मिलन केन्द्र, शाखायुक्त जिले और सेवा कार्य में वृद्धि हुई है। देश में 2866 स्थानों पर सेवा कार्य चल रहा है। सेवा कार्य शिक्षा, संस्कार, स्वावलंबन और आरोग्य के क्षेत्र में विविध प्रकल्प के रूप में होता है, योग केंद्र भी चलाए जा रहे हैं। वर्ष 2026 में देशभर में विभिन्न स्थानों पर 250 वर्ग आयोजित किये गए, जिसमें लगभग 15,241 सेविकाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस वर्ष बंगाल में लंबे अन्तराल के बाद समिति की सेविकाओं ने पथ संचलन का नियोजन किया। जम्मू के शिक्षा वर्ग में भारी वर्षा और आँधी के चलते भी सेविकाओं ने मैदान में डटे रहकर साहस का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। प्रमुख संचालिका जी के छत्तीसगढ प्रांत प्रवास में लगभग 25 विभिन्न समुदायों की महिलाओं के साथ सामाजिक सद्भाव बैठक की।
वैश्विक महिला दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय विद्वत परिषद के साथ मिलकर राष्ट्र सेविका समिति ने दिल्ली के विज्ञान भवन में ‘नारी से नारायणी’ सम्मेलन का आयोजन किया। जिसमें देशभर से 1500 से अधिक महिलाएं सम्मिलित हुईं। समापन सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी जी मुर्मू का मार्गदर्शन मिला।
समालखा में प्रारंभ हुई सेविका समिति की बैठक में विविध स्तर की पदाधिकारी उपस्थित हैं, बैठक का समापन 26 जुलाई को होगा।



