
माजुली (असम)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान असम के पवित्र सत्र नगरी माजुली पहुंचे। इस दौरान अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर जी और विद्या भारती (उच्च शिक्षा) के संगठन मंत्री रघुनंदन जी भी उनके साथ उपस्थित रहे।
13 अक्टूबर 2026 को प्रातः कमलाबाड़ी घाट पार कर माजुली पहुंचने के उपरांत, सरकार्यवाह जी ने सीधे श्रीश्री औनियाटी सत्र के दर्शन किए। दर्शन के बाद उन्होंने सत्राधिकार प्रभु ईश्वर श्रीश्री पीतांबर देव गोस्वामी जी से शिष्टाचार भेंट की और विभिन्न धार्मिक व सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श किया।
तत्पश्चात, उन्होंने श्रीश्री उत्तर कमलाबाड़ी सत्र का भ्रमण कर दर्शन-पूजन किया तथा सत्राधिकार प्रभु ईश्वर श्रीश्री जनार्दन देव गोस्वामी जी से भेंट कर समसामयिक विषयों पर चर्चा की।
सत्र दर्शन तथा सत्राधिकारों एवं भक्त-वैष्णवों से संवाद के बाद सरकार्यवाह जी ने कहा कि माजुली की समृद्ध कला-संस्कृति, भौगोलिक परिवेश और जनसांख्यिकीय संरचना के संबंध में कई महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी जानकारियां प्राप्त हुई हैं।
अपने प्रवास के दौरान वे मिशिंग जनजातीय क्षेत्र के बाहपरा नामघर में आयोजित ‘अखंड भागवत पाठ’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। वहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक भागवत श्रवण किया तथा नमन किया। मिशिंग समाज द्वारा धार्मिक आयोजनों के माध्यम से गुरुजनों की महान कला-संस्कृति और समृद्ध परंपराओं को संरक्षित रखने के प्रयासों की उन्होंने सराहना की।
भ्रमण के दौरान उत्तर असम प्रांत के सह व्यवस्था प्रमुख कानुराम डेका जी सहित अन्य स्थानीय कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी कार्यक्रमों के समापन के पश्चात अपराह्न में वे ऑफलामुख घाट होकर माजुली से प्रस्थान कर गए।
