आज के समय में करुणा का वैश्वीकरण अत्यन्त आवश्यक है – डॉ. मोहन भागवत जी

सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने पुस्तक ‘करुणानायक राम’ का लोकार्पण किया

सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने पुस्तक ‘करुणानायक राम’ का लोकार्पण किया

नई दिल्ली, 27 नवंबर, शुक्रवार।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने डॉ. आम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र के भीम सभागार में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता एवं लेखक कैलाश सत्यार्थी की पुस्तक ‘करुणानायक राम’ का लोकार्पण किया। प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित पुस्तक में भगवान राम के व्यक्तित्व, जीवन-दर्शन और आदर्शों को करुणा, मानवीय संवेदना, सामाजिक न्याय और नैतिक उत्तरदायित्व के व्यापक परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत किया गया है।

समारोह में भूटान की राजकुमारी सोनम देचन वांगचुक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। पुस्तक के लेखक एवं नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी, पुस्तक के प्रकाशक प्रभात कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता डॉ. मोहन भागवत जी ने भगवान राम की करुणा एवं वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, हम सबके ह्रदय में स्वाभाविक ऐसी बात है, जिससे प्रेरित होकर हम किसी का दुख दूर करने के लिए कुछ करते हैं, यही हमारी करुणा है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के चरित्र में करुणा, मर्यादा और लोककल्याण का भाव निहित है। राम और रावण के बीच मूल अन्तर यही था कि रावण ‘मैं’ और ‘मेरा’ के अहंकार में सीमित था, जबकि राम का जीवन करुणा और धर्म के आचरण का आदर्श प्रस्तुत करता है। अहंकार का अर्थ है ‘मैं’ और ‘मेरा’ के आगे न जा पाना। जब तक हम इस आग्रह से ऊपर नहीं उठते, तब तक उस शाश्वत सत्य का अनुभव नहीं कर सकते कि हम सब भीतर से एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा, करुणा कोई विशेष गुण नहीं, बल्कि मनुष्यता का स्वाभाविक भाव है। यह तब प्रकट होती है, जब दूसरे का दुख हमें अपना दुख अनुभव होता है और हम उसे कम करने के लिए अपने सामर्थ्य के अनुसार कार्य करते हैं। केवल संवेदना व्यक्त करना करुणा नहीं है, बल्कि करुणा हमें सेवा और लोक कल्याण के लिए प्रेरित करती है। हम कभी अकेले सुखी नहीं हो सकते; हमारा सुख सम्पूर्ण समाज, प्रकृति और विश्व के सुख से जुड़ा हुआ है।

इसलिए राम को मानना ही पर्याप्त नहीं, राम की मानना भी आवश्यक है। उनके चरित्र से मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और करुणा की प्रेरणा लेकर अपने जीवन में उसका आचरण करना ही सच्ची श्रद्धा है। आज देश और विश्व की अनेक समस्याओं के मूल में ‘मैं’ और ‘मेरा’ का आग्रह तथा करुणा का अभाव दिखाई देता है। ऐसे समय में करुणा का वैश्वीकरण अत्यन्त आवश्यक है। जब हम अपने सीमित स्वार्थ से ऊपर उठकर सम्पूर्ण सृष्टि के प्रति अपनत्व का अनुभव करेंगे, तभी सच्चे अर्थों में मनुष्यता और विश्वकल्याण की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

भूटान की राजकुमारी सोनम देचन ने कहा, यह भूटान के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि कैलाश सत्यार्थी ने हमारे देश को रामराज्य का एक अच्छा उदाहरण बताया है। उन्होंने भगवान राम के आदर्शों को समझने के लिए आगे आ रहे युवाओं की भी सराहना की।

गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, ‘करुणानायक राम’ शीर्षक अपने आप में एक गहरी दार्शनिक अभिव्यक्ति है। शक्ति तभी सार्थक होती है, जब वह करुणा से अनुप्राणित हो। राम का चरित्र कर्तव्य और संवेदना के समन्वय का आदर्श प्रस्तुत करता है। राम भारत की संस्कृति, आदर्शों और जनजीवन की प्रेरणा हैं तथा उस सामूहिक चेतना के प्रतीक हैं, जो व्यक्ति और समाज को एक सूत्र में जोड़ती है। राम को समझना भारत को समझना है। उनका नायकत्व केवल शक्ति या सामर्थ्य में नहीं, बल्कि चरित्र की समग्रता में निहित है। करुणा केवल एक कोमल भाव नहीं, बल्कि हमारे भीतर विद्यमान परिवर्तनकारी शक्ति है। राम के चरित्र में मर्यादा, कर्तव्य और संवेदना का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। राम के नायकत्व, निर्भीकता, आदर्श पुत्र के रूप तथा सम्बन्धों को मर्यादा के साथ निभाने के गुणों को भी समझना आवश्यक है। राम के चरित्र के किसी एक सूत्र को पकड़कर आगे बढ़ने पर उनके व्यक्तित्व की अनन्तता की यात्रा आरम्भ हो सकती है।

कैलाश सत्यार्थी ने अपनी पुस्तक ‘करुणानायक राम’ की वैचारिक पृष्ठभूमि और उसके मूल भाव को रेखांकित किया। उन्होंने भगवान राम के जीवन को करुणा के व्यापक दृष्टिकोण से समझने की आवश्यकता पर बल दिया। पुस्तक का केंद्रीय विचार है कि करुणा केवल दया अथवा भावुकता का भाव नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और शासन व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली एक सक्रिय नैतिक शक्ति है। उन्होंने कहा, अपने सीमित ज्ञान और व्यक्तिगत अनुभवों के आधार पर मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूं कि राम के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और व्यावहारिक पक्ष यह है कि वे करुणानायक हैं। मेरे लिए करुणा महज एक भावना नहीं, बल्कि ऐसी शक्ति है, जो दूसरे के दुख को अपना समझने से जन्म लेती है और हमें उसके निवारण के लिए सक्रिय होने की प्रेरणा देती है। पुस्तक में राम के जीवन में करुणा के इसी स्वरूप को चार स्तरों पर समझाया गया है – परिवार, समाज, व्यवस्था और स्वयं के स्तर पर।

डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने कहा, जब तक संस्कृति और करुणा का समावेश नहीं हो, कोई मनुष्य संपूर्ण नहीं बन सकता। कम से कम भारत में तो हम संस्कृति और करुणा के बिना संपूर्ण मनुष्य की कल्पना नहीं कर सकते। ये भारत भूमि है, जहां से विश्व के लिए करुणा उपजी है, प्रेम उपजा है, सद्भाव उपजा है। कार्यक्रम के अंत में श्री प्रभात कुमार ने अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने डॉ. आम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र के भीम सभागार में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता एवं लेखक कैलाश सत्यार्थी की पुस्तक ‘करुणानायक राम’ का लोकार्पण किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *