
नागपुर, 26 अप्रैल 2026 को नाग भूषण अवॉर्ड फाउंडेशन द्वारा प्रतिष्ठित नाग भूषण अवॉर्ड-2025 समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोलर इंडस्ट्री इंडिया के चेयरमैन पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल को नाग भूषण अवॉर्ड 2025 से नवाजा गया। इसके साथ ही, ‘आयरन मैन ऑस्ट्रेलिया’ प्रतियोगिता के विजेता दक्ष खंते को भी उनकी शानदार खेल उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
इस महत्वपूर्ण समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा महाराष्ट्र के वित्त व योजना राज्य मंत्री आशीष जयसवाल और फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय संचेती ने भी इस गरिमामयी कार्यक्रम में शिरकत की।
यश के साथ विनम्रता और कृतज्ञता का भाव जरूरी: डॉ. मोहन भागवत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन भागवत ने जीवन में शक्ति और विनम्रता के संतुलन पर गहरा जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया, “दुनिया में शक्ति बहुत ज़रूरी है, इसके बिना कुछ नहीं हो सकता, लेकिन शक्तिमान लोगों को सिर्फ़ यश पाने पर ध्यान नहीं देना चाहिए।”उनका मानना है कि जब शक्ति के साथ विनम्रता मिलती है, तभी वह वास्तव में सफल होती है।
‘मैं और मेरे’ के दायरे से बाहर निकलें
डॉ. भागवत ने युवाओं और सफल व्यक्तियों को समाज के प्रति अपनेपन का दायरा बढ़ाने की बहुमूल्य सलाह दी। उन्होंने कहा, “यश पाते हुए इंसान का सार्थक बनना भी उतना ही ज़रूरी है, मैं और मेरा परिवार के दायरे से बाहर निकलकर अपनेपन के दायरे को बढ़ाएंगे, उतना ही मिला हुआ यश सार्थक होगा।”
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पिछले 200 वर्षों में देश के महान लोगों के जीवन में हमेशा 90 प्रतिशत पसीना (परस्पिरेशन) और 10 प्रतिशत प्रेरणा (इन्सपिरेशन) का सूत्र रहा है।
डिफेंस सेक्टर में सत्यनारायण नुवाल का अहम योगदान: मुख्यमंत्री फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अवार्ड विजेता सत्यनारायण नुवाल की तारीफ करते हुए उन्हें एक बड़ी मिसाल बताया। उन्होंने कहा, “कठिन और चुनौतीपूर्ण हालात में भी कितना बड़ा काम किया जा सकता है और कामयाबी की ऊंचाई तक पहुंचा जा सकता है, यह उदाहरण सत्यनारायण नुवाल ने प्रस्तुत किया है।” मुख्यमंत्री ने इस बात पर गर्व जताया कि नुवाल ने डिफेंस सेक्टर में उस समय कदम रखा था, जब प्राइवेट सेक्टर की सफलता को लेकर पूरी तरह अनिश्चितता थी।
मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर में सोलर इंडस्ट्री के अहम योगदान का भी विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने गर्व के साथ कहा, “इस मौके पर हमने दिखाया है कि भारत भी दुनिया में सबसे अच्छी क्वालिटी के हथियार बना सकता है।”
दक्ष खंते बने युवाओं के लिए रोल मॉडल
समारोह में सम्मानित हुए युवा एथलीट दक्ष खंते की सराहना करते हुए सीएम फडणवीस ने उन्हें नई पीढ़ी का आदर्श बताया। उन्होंने कहा, “दक्ष खंते ने जो कामयाबी हासिल की है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।”
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि वह आज की युवा पीढ़ी के लिए एक रोल मॉडल हैं और आने वाले समय में युवाओं को प्रेरित करेंगे।
भारत की रक्षा ताकत से दुनिया में शांति संभव: श्री नितिन गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने देश की रक्षा प्रौद्योगिकी और वैश्विक शांति पर अपने विचार प्रमुखता से रखे। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा, “भारत की डिफेंस ताकत को बढ़ाना बहुत ज़रूरी है ताकि दुनिया में शांति बनी रहे, अच्छी ताकतों का असर बना रहे और बुरी ताकतों पर लगातार नियंत्रण रहे।”
गडकरी जी ने स्पष्ट किया कि इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में देश के भीतर डिफेंस टेक्नोलॉजी का डेवलपमेंट बहुत तेजी से किया जा रहा है।
