
“बांगरू-बाण”
श्रीपाद अवधूत की कलम से
क्या आपने कभी सोचा है कि मनुष्य किसी मंदिर, पर्वत अथवा देवप्रतिमा की नहीं, बल्कि एक संपूर्ण नदी की परिक्रमा क्यों करता है? क्या कारण है कि हजारों लोग अपना घर-परिवार, सुख-सुविधाएँ और सामाजिक प्रतिष्ठा छोड़कर लगभग 2,600 से 3,500 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकल पड़ते हैं? और क्यों इस यात्रा में उन्हें विश्वास रहता है कि उनकी सारी व्यवस्थाएँ नर्मदा मैया स्वयं करेंगी?
भारत में अनेक नदियाँ हैं। गंगा, यमुना, गोदावरी, सरस्वती, कृष्णा, कावेरी और सिंधु जैसी नदियों का अपना धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्त्व है। लेकिन नर्मदा की एक ऐसी विशेषता है, जिसने उसे भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में विशिष्ट स्थान प्रदान किया है। वह विशेषता है नर्मदा परिक्रमा। यह केवल हजारों किलोमीटर की पदयात्रा नहीं है अपितु यह मनुष्य के शरीर, मन, विचार और चेतना को अनुशासित करने वाली एक विलक्षण साधना है।
लेकिन प्रश्न है कि इस परंपरा की शुरुआत कब हुई? क्या इसका उल्लेख वेदों में है? पुराणों में मार्कण्डेय ऋषि का इससे क्या संबंध है? और आखिर इस यात्रा में ऐसा क्या है कि कोई सामान्य गृहस्थ भी लौटते समय एक तपस्वी के समान दिखाई देने लगता है?
इन प्रश्नों का उत्तर खोजने के लिए हमें भारतीय शास्त्रों, लोकमान्यताओं, ऐतिहासिक दस्तावेजों, भूगोल, आधुनिक मनोविज्ञान और विज्ञान सभी को एक साथ समझना होगा।
“नर्मदा का उल्लेख वेदों में”
उपलब्ध वैदिक साहित्य में नर्मदा अथवा रेवा का स्पष्ट और निर्विवाद नदी-रूप में उल्लेख नहीं मिलता। शतपथ ब्राह्मण के माध्यन्दिन पाठ के 12वें काण्ड में ‘रेवोत्तरस्’ नाम के दो उल्लेख मिलते हैं। कुछ विद्वानों ने ‘रेवोत्तरस्’ को रेवा अर्थात् नर्मदा कहा है। प्रसिद्ध धर्मशास्त्रविद् पी. वी. काणे ने भी यही माना है।
“रामायण और महाभारत में नर्मदा नदी का उल्लेख”
वाल्मीकि रामायण में नर्मदा का उल्लेख मिलता है विशेष रूप से उत्तरकाण्ड में रावण और माहिष्मती के राजा सहस्रबाहु अर्जुन से संबंधित आख्यान नर्मदा के प्राचीन सांस्कृतिक भूगोल को समझने में सहायता करते हैं। लोकपरंपरा में भी सहस्रबाहु अर्जुन, माहिष्मती (जिसे आज मध्य प्रदेश के महेश्वर के नाम से जाना जाता है) और नर्मदा का संबंध अत्यंत प्रसिद्ध है।
महाभारत के विभिन्न पर्वों में नर्मदा का नाम लगभग 15 बार आता है। विशेषकर वनपर्व में तीर्थयात्रा प्रसंगों के अंतर्गत नर्मदा तट के तीर्थों का उल्लेख है। युधिष्ठिर की तीर्थयात्रा और ऋषियों द्वारा तीर्थों की महिमा समझाने वाले प्रसंग भारतीय तीर्थ-परंपरा के महत्त्वपूर्ण स्रोत हैं। महाभारत में नर्मदा तट की तीर्थयात्रा का उल्लेख है।
“पुराणों में नर्मदा नदी का उल्लेख”
नर्मदा की धार्मिक प्रतिष्ठा का सबसे समृद्ध साहित्यिक आधार पुराणों में दिखाई देता है। विशेष रूप से निम्नलिखित ग्रंथों का उल्लेख आवश्यक है।
– स्कन्दपुराण का रेवा-खण्ड।
– मत्स्यपुराण का नर्मदा-माहात्म्य।
– कूर्मपुराण का नर्मदा-माहात्म्य।
– वायुपुराण से संबद्ध रेवा-खण्ड परंपरा।
– नारदपुराण और अन्य पुराणों में नर्मदा तट के तीर्थों का वर्णन।
“मार्कण्डेय ऋषि और नर्मदा परिक्रमा”
नर्मदा परिक्रमा की लोकमान्यता में मार्कण्डेय ऋषि का स्थान अत्यंत विशिष्ट है। परंपरा उन्हें प्रथम परिक्रमावासी मानती है। मार्कण्डेय ऋषि ने नर्मदा के दोनों तटों, उसके उद्गम, समुद्र-संगम तथा अनेक सहायक नदियों के क्षेत्रों में तपस्या और भ्रमण किया था। यह वर्तमान समय में की जाने वाली सामान्य परिक्रमा की तुलना में अधिक विस्तृत और कठिन मानी जाती है, क्योंकि इसमें नर्मदा की सहायक नदियों से जुड़े क्षेत्रों की भी परिक्रमा की जाती है।
“नर्मदा परिक्रमा का इतिहास : शास्त्र, लोकस्मृति और ऐतिहासिक प्रमाण”
नर्मदा परिक्रमा कब शुरू हुई, इसका कोई एक निश्चित वर्ष बताना संभव नहीं है। इसका कारण यह है कि धार्मिक परंपराएँ अक्सर पहले लोकजीवन में विकसित होती हैं और बाद में उनके नियम, मार्ग और विवरण लिखित रूप में संकलित होते हैं। यही बात नर्मदा परिक्रमा पर भी लागू होती है। जर्मन विद्वान युर्गेन नॉयस (Jürgen Neuß) ने इस विषय पर अत्यंत महत्त्वपूर्ण शोध किया है। उनकी 2008 की डॉक्टरेट शोध-प्रबंध और 2012 में प्रकाशित पुस्तक का नाम है:
Narmadāparikramā – Circumambulation of the Narmadā River: On the Tradition of a Unique Hindu Pilgrimage. यह नर्मदा परिक्रमा के इतिहास पर सबसे महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्यपूर्ण वैज्ञानिक आधुनिक अकादमिक अध्ययन है।
नॉयस ने संस्कृत ग्रंथों, नर्मदा-माहात्म्य, रेवा-खण्ड, तीर्थों की सूचियों और परिक्रमा संबंधी पुस्तकों का तुलनात्मक अध्ययन किया।
उनके शोध से कुछ महत्त्वपूर्ण बातें सामने आती हैं।
पहली बात: नर्मदा-माहात्म्य के उपलब्ध प्रमुख पाठों में संपूर्ण नदी की परिक्रमा का स्पष्ट और प्रत्यक्ष विधान नहीं मिलता। उनमें अलग-अलग तीर्थों और पवित्र स्थानों की प्रदक्षिणा के उल्लेख अवश्य हैं।
दूसरी बात: वशिष्ठसंहिता में नर्मदा के दोनों तटों के तीर्थों का क्रमवार वर्णन मिलता है। नॉयस इसे संपूर्ण नदी-प्रदक्षिणा की अवधारणा का एक संभावित प्रारंभिक संकेत मानते हैं। उनके अनुसार इस पाठ की उपलब्ध पांडुलिपि-परंपरा की कुछ तिथियों के आधार पर इसका विकास 15वीं शताब्दी के बाद का है।
तीसरी बात: नर्मदा परिक्रमा का लोकजीवन में प्रचलन लिखित प्रमाणों से पुराना हो सकता है। स्वयं नॉयस ने माना है कि कोई स्थापित मौखिक परंपरा पहले से विद्यमान रही हो सकती है, जिसका लिखित साक्ष्य उपलब्ध नहीं है।
चौथी बात: लगभग 1881 ईस्वी में मायानंद चैतन्य ने ब्रह्मण घाट { जिसे आज बरमान घाट के नाम से जाना जाता है} पर परिक्रमावासियों से मुलाकात की और उनसे परिक्रमा की परंपरा, नियम, तीर्थ और दूरी के विषय में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बाद में अपनी परिक्रमा की और इस विषय पर पुस्तक तैयार की।
उपरोक्त सभी तथ्यों के आधार पर हम यह स्पष्ट रूप से कह सकते हैं कि 19 वीं शताब्दी के अंतिम भाग तक नर्मदा परिक्रमा एक स्थापित धार्मिक परंपरा बन चुकी थी। 1919 में प्रकाशित नर्मदा पंचांग ने इसके मार्ग, तीर्थों और नियमों को लिखित रूप में व्यवस्थित किया।
“नर्मदा पंचांग” के लेखक मायानंद चैतन्य है और इन्होंने यह लेखन कार्य नेमावर स्थित सिद्धनाथ आश्रम में किया। इसका लेखन कार्य उन्होंने 1913 में आरंभ किया और पुस्तक के रूप में प्रशासन 1919 में किया। इस पुस्तक का प्रकाशन पुणे स्थित इंदिरा प्रेस मुद्रणालय में हुआ था
“नर्मदा परिक्रमा का आध्यात्मिक दर्शन : मनुष्य अपने केंद्र से हटता है”
अब इस यात्रा के सबसे गहरे आध्यात्मिक पक्ष को समझने का प्रयत्न करते हैं। मंदिर में देवता केंद्र में होते हैं और भक्त उनके चारों ओर परिक्रमा करता है। नर्मदा परिक्रमा में नर्मदा मैया ही केंद्र बन जाती है। यह एक बहुत बड़ी दार्शनिक अवधारणा है। वर्तमान काल में मनुष्य स्वयं को संसार का केंद्र मानकर चलता है। उसकी इच्छाएँ, सुविधाएँ, आवश्यकताएँ और अपेक्षाएँ उसके जीवन का आधार बन जाती हैं लेकिन परिक्रमा में मनुष्य स्वयं को केंद्र से हटाकर प्रकृति को केंद्र में स्थापित करता है। वह नदी के अनुसार चलता है। नदी के किनारे विश्राम करता है। नदी के प्रवाह को देखता है। उसकी परिस्थितियों के अनुसार अपनी गति निर्धारित करता है। यहाँ अहंकार का स्थान समर्पण ले लेता है।
“शरणागति का सिद्धांत”
भगवद्गीता 18.66 में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं:
“सर्वधर्मान्परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज।” यह शरणागति का सिद्धांत है। नर्मदा परिक्रमा में परिक्रमावासी अपनी सीमित इच्छाओं और सुविधाओं के नियंत्रण से बाहर निकलकर एक व्यापक विश्वास के साथ यात्रा करता है। वह उसके पास पर्याप्त धन नहीं रखता। भोजन की व्यवस्था पहले से निश्चित नहीं होती। रात कहाँ बितानी है, यह भी अनिश्चित होता है लेकिन उसके भीतर विश्वास होता है कि मैया सब व्यवस्था करेंगी। यह विश्वास उसकी मानसिक शक्ति का आधार बनता है।
“अपरिग्रह का अभ्यास”
पतंजलि योगसूत्र के दूसरे अध्याय में अपरिग्रह को यम के अंतर्गत रखा गया है। अपरिग्रह का अर्थ है आवश्यकता से अधिक संग्रह और वस्तुओं के प्रति अनावश्यक आसक्ति का त्याग। नर्मदा परिक्रमा में यह सिद्धांत व्यवहारिक रूप में धरातल पर में उतरता है। परिक्रमावासी अपने साथ सीमित सामान लेकर चलता है। वह सीखता है कि जीवन की वास्तविक आवश्यकताएँ बहुत कम हैं। हम जिस वस्तु को अपने सुख के लिए अनिवार्य मानते हैं, संभव है कि उसके बिना भी जीवन सहजता से चल सकता है। यह मनुष्य और प्रकृति के संबंध को बदलने वाला दर्शन है। यही भारतीय अध्यात्म का पर्यावरणीय पक्ष है।
“आधुनिक मनोविज्ञान की दृष्टि से नर्मदा परिक्रमा”
” मानसिक तनाव से मुक्ति”
आधुनिक जीवन में मनुष्य का मस्तिष्क लगातार सूचनाओं, चिंताओं, प्रतिस्पर्धा और निर्णयों के दबाव में रहता है। परिक्रमा के दौरान उसकी जीवनशैली बदल जाती है।
मोबाइल और डिजिटल दुनिया से दूरी।
– नियमित पैदल चलना।
– सीमित भोजन और आवश्यकताएँ।
– प्रकृति के बीच समय बिताना।
– मंत्र-जप और प्रार्थना।
– नियमित विश्राम।
– सामाजिक प्रतिस्पर्धा से दूरी।
इन परिवर्तनों से मानसिक तनाव कम होने और भावनात्मक संतुलन विकसित होने में सहायता मिलती है।
“प्रकृति के बीच रहने का प्रभाव”
आधुनिक मनोविज्ञान में प्रकृति के संपर्क को मानसिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी माना गया है। नर्मदा परिक्रमावासी प्रतिदिन प्रकृति के बदलते स्वरूप को देखता है। सूर्योदय, सूर्यास्त, जलधारा, पहाड़, जंगल, पक्षियों की आवाजें और मौसम के परिवर्तन उसके दैनिक जीवन का हिस्सा बन जाते हैं। इससे मनुष्य का ध्यान शहरी जीवन की निरंतर उत्तेजनाओं से हटकर प्राकृतिक वातावरण की ओर जाता है। प्रकृति के बीच समय बिताना मानसिक थकान कम करने और ध्यान को पुनः व्यवस्थित करने में सहायक होता है।
“नियमित पैदल चलने का शरीर पर प्रभाव”
लगातार पैदल चलने से शरीर की हृदय-संचार प्रणाली सक्रिय रहती है।
मांसपेशियों की कार्यक्षमता बढ़ती है। ऊर्जा का व्यय होता है। नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है। शारीरिक सहनशक्ति विकसित होती है।
“मंत्र-जप और ध्यान”
परिक्रमा के दौरान बार-बार ‘नर्मदे हर’ का उच्चारण होता है। मंत्र-जप का एक मनोवैज्ञानिक पक्ष भी है। एक ही ध्वनि या वाक्य का लयबद्ध दोहराव ध्यान को केंद्रित करने में सहायता करता है। श्वास और चलने की गति में सामंजस्य स्थापित होता है। मन अनावश्यक विचारों से हटकर वर्तमान क्षण पर केंद्रित होता है। इसमें धार्मिक श्रद्धा और ध्यान की मनोवैज्ञानिक प्रक्रिया एक-दूसरे को सहयोग देती हैं।
” सामुदायिक सहयोग और सेवा का मनोविज्ञान”
नर्मदा परिक्रमा का सबसे सुंदर पक्ष है सेवा। कहीं आश्रम है, कहीं सदाव्रत है, कहीं अन्नक्षेत्र है, कहीं कोई गृहस्थ चाय बाँट रहा है, कहीं कोई खिचड़ी बनाकर यात्रियों को खिला रहा है। सेवा करने वाला परिक्रमावासी को जानता तक नहीं है। फिर भी उसकी सेवा करता है। यह व्यवहार आधुनिक समाजशास्त्र और मनोविज्ञान की दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।
“नर्मदा परिक्रमा के नियम और उनका वैज्ञानिक-सामाजिक महत्त्व”
नर्मदा परिक्रमा में अनेक नियम प्रचलित हैं। इनके पालन में अलग-अलग संप्रदायों और स्थानीय परंपराओं के अनुसार कुछ भिन्नताएँ भी मिलती हैं।
नदी को हमेशा दाहिनी ओर रखना। यह प्रदक्षिणा का मूल सिद्धांत है। पूज्य सत्ता को दाहिनी ओर रखकर चलना भारतीय धार्मिक परंपरा में शुभ माना जाता है। नदी को बीच में पार नहीं करना। परंपरा के अनुसार परिक्रमावासी नदी को केवल उसके उद्गम और समुद्र-संगम के निर्धारित बिंदुओं पर ही पार करता है। इससे यात्रा की अखंडता बनी रहती है। असत्य, क्रोध और लोभ का त्याग यह आत्मसंयम का अभ्यास है। लंबी यात्रा में अनेक कठिन परिस्थितियाँ आती हैं। भूख, थकान और अनिश्चितता के बीच मन को शांत रखना साधना का ही अंग है।
“देवप्रबोधिनी एकादशी और नर्मदा परिक्रमा का संबंध”
कार्तिक शुक्ल एकादशी को देवप्रबोधिनी एकादशी, देवोत्थान एकादशी अथवा देवउठनी ग्यारस कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और चातुर्मास का समापन होता है। इसके बाद मांगलिक कार्यों और धार्मिक यात्राओं का आरंभ होता है। नर्मदा क्षेत्र में भी देवउठनी एकादशी से परिक्रमा आरंभ करने की परंपरा प्रचलित है।
अमरकंटक और ओंकारेश्वर जैसे तीर्थस्थलों से इस समय बड़ी संख्या में परिक्रमावासी अपनी यात्रा प्रारंभ करते हैं। हालाँकि महाराष्ट्र और अन्य क्षेत्रों से आने वाले अनेक श्रद्धालु विजयादशमी के बाद से ही यात्रा आरंभ कर देते हैं। कुछ यात्री शरद पूर्णिमा के आसपास निकलते हैं। इससे स्पष्ट है कि देवप्रबोधिनी एकादशी परिक्रमा आरंभ करने का प्रमुख पारंपरिक अवसर है, लेकिन सभी परिक्रमावासियों के लिए एक ही अनिवार्य प्रारंभ तिथि नहीं है।
“बाहरी परिक्रमा और आंतरिक परिक्रमा : नर्मदा परिक्रमा का सबसे गहरा संदेश”
अब तक हमने नर्मदा परिक्रमा को इतिहास, शास्त्र, पुराण, भूगोल, मनोविज्ञान और विज्ञान के आधार पर समझा लेकिन इन सभी के केंद्र में एक विचार है, आत्मपरिवर्तन। जब मनुष्य घर से निकलता है, तब उसके पास अपनी सामाजिक पहचान होती है। उसका नाम, पद, प्रतिष्ठा, संपत्ति, संबंध और अहंकार होता है। परिक्रमा के दौरान धीरे-धीरे ये सभी पहचानें गौण होने लगती हैं। वहाँ वह किसी बड़े अधिकारी, व्यापारी, विद्वान अथवा प्रतिष्ठित व्यक्ति के रूप में नहीं चलता। वह एक परिक्रमावासी होता है। उसकी पहचान होती है नर्मदे हर..! यात्रा के दौरान उसे अपने भीतर झाँकने का अवसर मिलता है। वह स्वयं से प्रश्न करता है..!!
मुझे वास्तव में कितनी वस्तुओं की आवश्यकता है..???
मैं दूसरों से क्या अपेक्षा करता हूँ..??
मेरे क्रोध का कारण क्या है..???
मेरे जीवन में कितनी इच्छाएँ अनावश्यक हैं..???
क्या मैं विपरीत परिस्थितियों में भी शांत रह सकता हूँ..??
क्या मैं बिना किसी प्रतिफल की अपेक्षा किए किसी की सेवा कर सकता हूँ..??
इन प्रश्नों के उत्तर उसे केवल पुस्तकों में नहीं मिलते। उन्हें वह जीवन की वास्तविक परिस्थितियों में अनुभव करता है। यही परिक्रमा की आंतरिक साधना है। बाहरी परिक्रमा में मनुष्य नर्मदा के दोनों तटों पर चलता है। आंतरिक परिक्रमा में वह अपने ही मन के दो तटों अहंकार और समर्पण के बीच यात्रा करता है। जब यह यात्रा पूरी होती है, तब संभव है कि व्यक्ति वही न रहे जो यात्रा शुरू करते समय था।
आज मनुष्य चंद्रमा और मंगल तक पहुँचने की तैयारी कर रहा है। विज्ञान ने उसकी भौतिक क्षमताओं का विस्तार किया है। लेकिन उसके भीतर शांति, संतोष और आत्मिक स्थिरता की खोज अभी भी जारी है। नर्मदा परिक्रमा इसी खोज का एक सनातनी हिंदू उत्तर है। यह यात्रा हमें सिखाती है कि जीवन में केवल आगे बढ़ना ही पर्याप्त नहीं है। कभी-कभी अपने मूल की ओर लौटना भी आवश्यक होता है। नदी के उद्गम से समुद्र तक जाना और फिर समुद्र से उद्गम तक लौटना केवल भौगोलिक यात्रा नहीं है। यह जन्म से मृत्यु और विसर्जन से पुनः सृजन तक के सनातन चक्र का स्मरण है। यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता है। यह अपरिग्रह का अभ्यास है। यह सेवा का संस्कार है। यह अहंकार से समर्पण की यात्रा है। और अंततः यह स्वयं को जानने का एक अवसर है। जिस मनुष्य ने नर्मदा के दोनों तटों की परिक्रमा कर ली, उसने नदी के चारों ओर की यात्रा पूरी की लेकिन जिसने इस यात्रा में अपने भीतर के अहंकार, लोभ, क्रोध और मोह की परिक्रमा भी कर ली, उसी ने नर्मदा परिक्रमा के वास्तविक मर्म को समझा। नर्मदा केवल एक नदी नहीं है। वह भारतीय चेतना में प्रवाहित एक जीवन-दर्शन है और शायद इसीलिए हजारों वर्षों से उसकी महिमा का गुणगान करने वाली परंपराओं से लेकर आज के परिक्रमावासी तक, सभी के मुख से एक ही उद्घोष सुनाई देता है।
“नर्मदे हर..! जिंदगी भर..!!”
अवधूत चिंतन श्री गुरुदेव दत्त